गोरखपुर। समाज सेवा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एस.एस.बी.) के कम्पोजिट चिकित्सालय गोरखपुर तथा राज आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आर.एस. पब्लिक स्कूल, मानीराम में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
       कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. डी.के. मिश्रा (डी.आई.जी.), एस.एस.बी. गोरखपुर रहे। उनके सहयोग और मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का नेतृत्व उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) संयुक्त अस्पताल गोरखपुर डॉ. डी.के. मिश्रा ने किया। शिविर में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मृणालिनी सिंह सहित चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की विस्तृत जांच की।
       शिविर के दौरान कुल 71 मरीजों की नेत्र जांच की गई, जिनमें से 27 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई। इन सभी मरीजों का चयन निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया गया है, जिसका ऑपरेशन राज आई हॉस्पिटल में कराया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
       कार्यक्रम में राइटेल कम्पनी के प्रतिनिधि दिनेश यादव, राजीव कुमार पाण्डेय तथा संजय सहित गोरखपुर के कई समाजसेवी, पत्रकार और शिक्षाविद भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाजसेवी एवं शिक्षक सुनील मणि त्रिपाठी की भी विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
       कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों एवं सहयोगियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें आंखों से संबंधित रोगों के प्रति जागरूक करना है।
      स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल पाता है, जिससे उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार होता है।