रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जियापुर शिवगढ़ में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं कक्षा 5 के विद्यार्थियों का विदाई समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी महराजगंज राम मिलन यादव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
      आपको बता दें कि, कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक बीरेंद्र कुमार द्वारा अतिथियों का शाल, माला एवं बैच पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया, जिसका संचालन शिक्षिका रेनू श्रीवास्तव ने किया। विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।
       इस अवसर पर कक्षा 1 से 5 तक के उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 5 के सभी विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह आयोजित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
     विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि, इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यालय की प्रगतिशील सोच और बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रतीक हैं।
     मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत करते हुए अभिभावकों से अपील करी कि, वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, जिससे उनकी शिक्षा सुचारु रूप से जारी रह सके।
       कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के सदस्य, एसएमसी अध्यक्ष अनीता, शिक्षक दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।