रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र में जमीन में मिट्टी डालने के विवाद को लेकर एक किसान दम्पति के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
      आपको बता दें कि, पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 03 अप्रैल 2026 की है। पीड़ित किसान हरिश्चंद्र पुत्र नंदलाल, निवासी कोडरी मजरे मोन, ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि, उन्होंने शिवगढ़ मोड़ के पास बटाई पर जमीन ले रखी है। आरोप है कि, उक्त जमीन पर विपक्षी पक्ष के लोगों ने जबरन मिट्टी डाल दी।
      जब किसान ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों—आनंद पुत्र जगदीश, जगदीश पुत्र दुलारे, विद्यावती पत्नी जगदीश तथा रश्मि—निवासी ग्राम बबुरिहा मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला, थाना महराजगंज—ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान किसान की पत्नी को भी नहीं बख्शा गया और दोनों के साथ गाली-गलौज की गई।
     शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
       पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
       इस संबंध में कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि, “पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और विवेचना के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।”