रजनीकांत अवस्थी
चंदापुर/रायबरेली: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेस-5 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिकंदरपुर के पूरे शिवराम कोहली में बुधवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने गांव की महिलाओं, किशोरियों और ग्रामीणों को एकत्र कर उन्हें सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं, सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
     आपको बता दें कि, कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को बताया कि, किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में 112 (पुलिस सहायता), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) जैसे नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि, अब डिजिटल माध्यमों के जरिए भी शिकायत दर्ज कराना आसान हो गया है, जिससे पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय मिल सके।
      पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि, वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या साइबर अपराध जैसी घटनाओं को छिपाएं नहीं, बल्कि तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी। साथ ही, “गुड टच-बैड टच” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा कर बच्चों और अभिभावकों को संवेदनशील बनाया गया।
     इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह ने कहा कि, “मिशन शक्ति” अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण का मजबूत आधार बन रहा है। उन्होंने कहा कि, सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं तभी सफल होंगी जब समाज का हर वर्ग इसमें भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करी कि, वे बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दें तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने में सहयोग करें।
      ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सिकंदरपुर डब्बू सिंह ने कहा कि, इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम गांव-गांव तक पहुंचने चाहिए। उन्होंने कहा कि, पहले कई बार जानकारी के अभाव में महिलाएं अपने अधिकारों का उपयोग नहीं कर पाती थीं, लेकिन अब ऐसे अभियानों के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि, ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
      कार्यक्रम में मौजूद अन्य गणमान्य व्यक्तियों—राजकुमार, देव प्रकाश दुबे, महेश विश्वकर्मा, दिव्या, गोविंद नारायण पांडेय, आशुतोष पांडेय, देव प्रकाश पांडेय—ने भी महिलाओं को जागरूक रहने और किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
        कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया। साथ ही सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि, वे अपने गांव और क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य निरंतर जारी रखें।
      कार्यक्रम में कोतवाल अरविंद सिंह सहित महिला कर्मचारी मौजूद रहे।