रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय मोन में नवआरंभ, वार्षिकोत्सव एवं विदाई समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव उपस्थित रहे, जिन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
आपको बता दें कि, कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने शिव तांडव, “आरंभ है...” जैसी प्रस्तुतियों के साथ-साथ बालिका शिक्षा एवं सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर आधारित नाटकों का मंचन किया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया तथा सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया।
मुख्य अतिथि राम मिलन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि, सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की उभरती प्रतिभा शिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करी कि, वे बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग रहें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक ऊषा सिंह ने कहा कि, वर्तमान समय में सरकारी विद्यालय सुविधाओं और शिक्षा के स्तर में निजी विद्यालयों से किसी भी प्रकार से कम नहीं हैं। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि, गणित ओलंपियाड में प्रथम स्थान, आय आधारित योग्यता परीक्षा में सफलता तथा विद्यालय में अधिकतम उपस्थिति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर शिक्षक अवनीश श्रीवास्तव, आकाश वर्मा, राहुल मौर्य, एसएमसी अध्यक्ष राजकुमार, ग्राम प्रधान श्यामकला, शिक्षक नीरज जायसवाल, सौर्येंद्र चौधरी, अंकित मिश्रा, सावित्री, गीता श्रीवास्तव, अनुपम पाण्डेय सहित सैकड़ों अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ।



0 Comments