गोरखपुर। कम्पोजिट चिकित्सालय शस्त्र सीमा बल, बाबा राम करन दास ग्रामीण विकास समिति गोरखपुर तथा राज आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आर.एस. पब्लिक स्कूल, मानीराम में निशुल्क नेत्र जांच शिविर एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को नेत्र संबंधी उपचार की सुविधा प्रदान करना था।
आपको बता दें कि, कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डा. डी. के. मिश्रा (डी.आई.जी.), शस्त्र सीमा बल गोरखपुर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आंखें मानव जीवन की सबसे अनमोल धरोहर हैं और उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्गों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है, क्योंकि शहरों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं तुरंत उपलब्ध नहीं हो पाती हैं।
डा. मिश्रा ने कहा कि शस्त्र सीमा बल देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करता है। इसी भावना के साथ शस्त्र सीमा बल, बाबा राम करन दास ग्रामीण विकास समिति गोरखपुर के सचिव अवधेश कुमार जायसवाल के सहयोग से यह निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के गरीब मजदूर एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके और समाज में आंखों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम के दौरान आर.एस. पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य उमेश सिंह तथा राइटेल कंपनी के सदस्य रविंद्र सिंह का आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार के जनसेवा कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर समाजसेवी शिव नारायण जायसवाल, रविंद्र सिंह, प्रबंधक श्रवण चौधरी, सुनील चौधरी तथा डा. प्रेम पटेल की विशेष उपस्थिति रही।
संस्था की कार्यकर्ता रुखसार खातून ने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को शिविर के प्रति जागरूक करने का कार्य किया। शस्त्र सीमा बल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. मृणालिनी (आई सर्जन, एस.एस.बी.) ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अक्सर अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग नहीं रहती हैं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाए, क्योंकि महिलाएं स्वस्थ रहेंगी तभी परिवार और समाज स्वस्थ एवं खुशहाल रहेगा।
इस शिविर में कुल 71 मरीजों की नेत्र जांच की गई, जिनमें से 27 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। चयनित मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन कर उन्हें बेहतर दृष्टि प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में दिनेश यादव, राजीव कुंजर पांडेय, संजय विश्वकर्मा, राजू मिश्र सहित गोरखपुर के समाजसेवी, पत्रकार एवं शिक्षक सुनील मणि त्रिपाठी की भी विशेष उपस्थिति रही। संस्था की ओर से सभी अतिथियों एवं सहयोगियों को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर सहयोगी संस्था बाबा राम करन दास ग्रामीण विकास समिति का विशेष योगदान सराहनीय रहा। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।




0 Comments