गोरखपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंडियन डेंटल एसोसिएशन की टीम द्वारा जिला कारागार गोरखपुर में निरुद्ध महिला बंदियों के लिए वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जेल में रह रही महिला बंदियों तथा उनके साथ रह रहे बच्चों के दांतों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही उन्हें दवाइयों के साथ स्वच्छता किट भी वितरित की गई।
     आपको बता दें कि, शिविर के दौरान इंडियन डेंटल एसोसिएशन की चिकित्सक टीम ने महिला बंदियों के दांतों का सूक्ष्म परीक्षण किया। इस टीम में डॉ. प्रियंका वर्मा, डॉ. अंकिता श्रीवास्तव, डॉ. मीनाक्षी राय, डॉ. शालिनी शर्मा और डॉ. गरिमा श्रीवास्तव सहित महिला चिकित्सकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। जांच के दौरान जिन बंदियों में पायरिया, कैविटी अथवा अन्य दंत संक्रमण के लक्षण पाए गए, उन्हें मौके पर ही उपचार प्रदान किया गया।
      चिकित्सकीय दल में डॉ. प्रीति अग्रवाल, डॉ. शिप्रा सिंह, डॉ. ममता आनंद, डॉ. शिल्पा सिंह, डॉ. शिवांगी श्रीवास्तव, डॉ. पल्लवी तिवारी एवं डॉ. ए.एच. शर्मा भी शामिल रहे, जिन्होंने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर के अंतर्गत बंदियों को निःशुल्क दवाइयों के साथ टूथपेस्ट और टूथब्रश भी वितरित किए गए, ताकि वे नियमित रूप से दंत स्वच्छता का पालन कर सकें।
      इस अवसर पर चिकित्सकों ने महिला बंदियों को दंत स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि दांतों की नियमित सफाई न केवल चेहरे की सुंदरता को बनाए रखती है, बल्कि संपूर्ण शरीर के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी को दिन में कम से कम दो बार ब्रश करने और तंबाकू व उससे जुड़े उत्पादों से दूर रहने की सलाह दी।
      कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय ने इंडियन डेंटल एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कारागार में निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य की देखभाल प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के आयोजन से बंदियों को जेल परिसर में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं प्राप्त हो जाती हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने शिविर में शामिल सभी चिकित्सकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
      इस अवसर पर जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय, जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, उप जेलर विजय कुमार, कृष्णा कुमारी एवं अमिता श्रीवास्तव, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. विनय कुमार, फार्मासिस्ट शेष कुमार शर्मा तथा अन्य कारागार कर्मी भी उपस्थित रहे।