गोरखपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में ज्ञान ज्योति सेवा संस्थान, अंजू फाउंडेशन एवं मंथन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया तथा महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी पर विशेष चर्चा की गई।
     आपको बता दें कि, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एम्स की डायरेक्टर डॉ. विभा दत्त तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री पुष्पदंत जैन उपस्थित रहे। इस अवसर पर अंजू फाउंडेशन की अध्यक्ष सोनिका खरवार, पूर्व महापौर डॉ. सत्या पाण्डेय, सेफ सोसाइटी के चेयरमैन वैभव शर्मा, सेफ सोसाइटी के वरिष्ठ कार्यकारी शैलेंद्र चतुर्वेदी, सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला सहित अनेक गणमान्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए।
      इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने तथा विशेष रूप से नारी सशक्तिकरण और युवा पीढ़ी को शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में प्रेरित करने के लिए वरिष्ठ समाजसेवी, पत्रकार एवं प्रधानाचार्य सुनील मणि त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
       कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
      कार्यक्रम में युवा समाजसेवी सुब्रत पाण्डेय, आशुतोष मिश्रा, अभिषेक दुबे, सतीश दुबे, मनोरमा दुबे, संगीता पाण्डेय, डॉ. पूजा पांडे तथा मोबाइल बाबा उर्फ शैलेश त्रिपाठी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
      कार्यक्रम का कुशल संचालन लाउडस्पीकर 90 एफएम की सीनियर एंकर मनोरमा दुबे ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।