गोरखपुर। प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे के प्रतीक रंगोत्सव होली के पावन अवसर पर युवा जनकल्याण समिति द्वारा संस्था के प्रधान कार्यालय राजेंद्र नगर पश्चिमी, गोकुलधाम, गोरखनाथ में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा आमंत्रित अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रंगों के इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
     आपको बता दें कि, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था के संस्थापक एवं संरक्षक ज्योतिषाचार्य पंडित बृजेश पाण्डेय रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता संस्थाध्यक्ष डॉ. कुलदीप पाण्डेय ने की। कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष पं. रमेश पाण्डेय और सलाहकार सुनील मणि त्रिपाठी ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं आगंतुकों का स्वागत करते हुए उन्हें होली की शुभकामनाएँ दीं।
      समारोह का शुभारंभ संस्थाध्यक्ष डॉ. कुलदीप पाण्डेय द्वारा मुख्य अतिथि पंडित बृजेश पाण्डेय को अबीर-गुलाल लगाकर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की बधाइयाँ दीं और प्रेम व सद्भाव का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विभिन्न पारंपरिक पकवानों का भी आनंद लिया।
      इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए ज्योतिषाचार्य पंडित बृजेश पाण्डेय ने कहा कि, होली मनाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है और यह हमारी भारतीय सनातन संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि यह पर्व आपसी मेल-मिलाप, एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। होली के रंग जीवन में खुशियाँ और सकारात्मकता लाते हैं तथा असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक भी हैं।
      वहीं अपने संबोधन में संस्थाध्यक्ष डॉ. कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि, होली का पर्व लोगों के बीच पनप रहे मनमुटाव को दूर कर आपसी सामंजस्य स्थापित करने का अवसर देता है। यह त्योहार समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है।
      कोषाध्यक्ष पं. रमेश पाण्डेय ने कहा कि, होली आत्मीय प्रेम और अपनत्व का संगम है। हमारे ग्रंथों में भी इसका उल्लेख मिलता है कि बुराई के अंत और अच्छाई की विजय के प्रतीक के रूप में इस पर्व की उत्पत्ति हुई। उन्होंने बताया कि, होली के रंगों की अपनी-अपनी विशेषताएँ हैं, जिनका मानव जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। संस्था का यह होली मिलन समारोह पिछले दस वर्षों से लगातार समाज के लोगों को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
       कार्यक्रम में मुख्य रूप से पं. बृजेश पाण्डेय, डॉ. कुलदीप पाण्डेय, पं. रमेश पाण्डेय, सुनील मणि त्रिपाठी, डॉ. अमृतलाल सक्सेना, अंगद तिवारी, डॉ. अंकित सक्सेना, धनंजय पाण्डेय, सूर्यप्रकाश पाण्डेय, दिव्यांशु तिवारी, रविप्रकाश पाण्डेय, श्याम मनोहर मिश्र, सूरज शर्मा, त्रिलोकी नाथ चौबे, अखिल बिहारी, बृजभूषण मिश्रा, शिवम मिश्रा, किशन चौबे तथा शुभम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
       होली मिलन समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं और रंगोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाया।