गोरखपुर। होली के पावन अवसर पर ॐ हिंदुत्व समन्वय सेवा संगठन (रजि.) की ओर से सत्य विजय पैलेस, बड़गो रोड में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन के विस्तार के साथ-साथ जुड़े हुए सदस्यों को प्रोत्साहित करना और समाज में आपसी सद्भाव एवं एकता को मजबूत करना था।
    आपको बता दें कि, कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज में फैले मतभेदों को समाप्त कर लोगों को एकता के सूत्र में पिरोना, भाईचारा बढ़ाना और भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करना है। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार प्रेम, समानता और सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए इस अवसर पर समाज के वंचित वर्गों को भी उत्सव में शामिल करना और नशामुक्त वातावरण को बढ़ावा देना आवश्यक है।
      उन्होंने आगे कहा कि, संगठन भारत की समृद्ध परंपराओं, लोकगीतों और पारंपरिक खेलों को जीवित रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है। होली का पर्व हमें नकारात्मक भावनाओं जैसे अहंकार, क्रोध और द्वेष का दहन कर प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। साथ ही उन्होंने सभी धर्मों और वर्गों के लोगों के साथ मिलकर खुशियां बांटने तथा सामाजिक मेल-मिलाप को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
      कार्यक्रम का शुभारंभ अभिवादन, ॐ उद्घोष, जय श्री राम के जयकारों तथा हनुमान चालीसा के पाठ से हुआ। इसके बाद होली के पारंपरिक गीतों के माध्यम से वातावरण को उल्लासमय बनाया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम और एकता का संदेश दिया। इसके उपरांत होली के पारंपरिक पकवान गुझिया खिलाकर लोगों का मुंह मीठा कराया गया।
       संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि, होली का पर्व भक्त प्रहलाद और होलिका की कथा के माध्यम से धर्म और सत्य की विजय का प्रतीक है। संगठन समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है।
      कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर वंदे मातरम् का गायन किया, जिसके साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने सभी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
     इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनूप कुमार मिश्र, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिका मिश्रा, प्रदेश सचिव कृष्ण कुमार सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष नवीन्द्र, विधिक सलाहकार रामरूप त्रिपाठी, समाजसेवी सुनील मणि त्रिपाठी, अच्युतानंद शर्मा, गणेश दत्त, उमेश चन्द्र त्रिपाठी, बुद्धि सागर तिवारी, विजय कुमार यादव, नरेंद्र सिंह, विपिन बिहारी मिश्रा, मिथिलेश कुमार विश्वकर्मा, देवेंद्र यादव, देश दीपक राज, प्रभात कुमार मिश्रा, सुनील शर्मा, सोनू, रंजीत, ओम देव, लक्की, पंकज, राजकुमार सहित संगठन के अनेक सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।