सार........
⭕ शांतिपूर्ण माहौल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली का पावन पर्व, जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने अबीर-गुलाल लगाकर दी शुभकामनाएं।
⭕ ढोल-नगाड़ों और फगुआ टोली के साथ झूम उठा क्षेत्र, सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई गई होली।
⭕ पुलिस की मुस्तैदी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ होली का पर्व।
⭕ रंगों में सराबोर हुआ क्षेत्र, नेताओं व ग्रामीणों ने मिलकर मनाई होली। 🎉
विस्तार.........
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र में रंग, उमंग और भाईचारे का प्रतीक होली का पावन पर्व इस वर्ष पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। त्योहार के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट मोड में दिखाई दिया। संवेदनशील स्थलों सहित प्रमुख चौराहों और बाजारों में पुलिस बल की विशेष तैनाती रही, जिससे चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत पहरा देखने को मिला।
आपको बता दें कि, होली के अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों तथा पत्रकारों ने आपसी प्रेम और सद्भाव का परिचय देते हुए एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पावन पर्व की हार्दिक बधाई दी और समाज में सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना करी।
इसी क्रम में जनपद के निवासी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह अपने आवास पर फगुआरों की टोली के साथ होली के उल्लास में सराबोर नजर आए। उन्होंने पारंपरिक फगुआ गीतों को गुनगुनाते हुए अपने नाती के साथ झांझ और मंजीरा बजाकर होली का आनंद लिया। इस अवसर पर उन्होंने फगुआ टोली के बीच रंग-बिरंगा अबीर-गुलाल उड़ाकर जनपदवासियों एवं प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
वहीं बछरावां विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के वर्तमान विधायक श्याम सुंदर भारती ने भी होली के दिन क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों के साथ प्रेमपूर्वक अबीर-गुलाल लगाकर होली खेली तथा क्षेत्र में अमन, चैन और शांति की कामना की।
पूर्व विधायक रामलाल अकेला भी इस पावन अवसर पर लोगों के बीच पहुंचकर होली के उत्सव में सहभागी बने। उन्होंने ग्रामीणों से गले मिलकर अबीर-गुलाल लगाया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
इसी कड़ी में शिवगढ़ रियासत के राजा एवं भाजपा नेता राकेश प्रताप सिंह तथा उनके पुत्र कुंवर हनुमत सिंह (ब्लॉक प्रमुख) ने भी महेश विलास पैलेस के प्रांगण में क्षेत्रवासियों के साथ पारंपरिक ढंग से होली खेली। उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ अबीर-गुलाल लगाकर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
होली के पावन अवसर पर पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं महराजगंज चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू सहित ग्राम पंचायतों के अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी ग्राम सभाओं में पहुंचकर जनता के साथ होली खेली और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
वहीं मऊ ग्राम पंचायत के मऊ गर्वी गांव के युवाओं ने फगुआ टीम का नेतृत्व करते हुए पारंपरिक फाग टोली निकाली। यह टोली गांव के ज्वाला महारानी मंदिर स्थल से प्रारंभ होकर बाजार सहित पूरे गांव का भ्रमण करते हुए होलिका दहन स्थल तक पहुंची। यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, डीजे की धुनों तथा फगुआ गीतों पर ग्रामीण झूमते और थिरकते नजर आए।
इस बार की होली में मऊ गांव के युवाओं ने विशेष रूप से पारंपरिक “कपड़ा फाड़ होली” की परंपरा को प्रमुखता दी। उन्होंने हंसी-खुशी के माहौल में एक-दूसरे के कपड़े फाड़ते हुए अबीर-गुलाल उड़ाकर होली का उत्सव मनाया, किंतु पूरा कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा।
मऊ के अतिरिक्त सिकंदरपुर गांव में प्रधान प्रतिनिधि डब्बू सिंह तथा समाजसेवी बाबा राम केवल अंशनकारी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर होली का पर्व मनाया और सभी को शुभकामनाएं दीं।
उधर कोटवा मोहम्मदाबाद और ज्योना सहित अन्य ग्राम पंचायतों में भी पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के साथ गले मिलकर अबीर-गुलाल लगाया और भाईचारे के साथ होली खेली। कोटवा मोहम्मदाबाद ग्राम सभा के मुखिया एवं प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह उर्फ दद्दू ने भी ग्रामीणों के साथ जमकर होली खेली और सभी को इस पावन पर्व की हार्दिक बधाई दी।
समग्र रूप से देखा जाए तो पूरे क्षेत्र में होली का पर्व पारंपरिक उत्साह, धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाया गया, जिसने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।



0 Comments