गोरखपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, गोरखपुर द्वारा दिव्यांग महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें उपयोगी सामग्री वितरित की गई। यह कार्यक्रम इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रादेशिक सभापति एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की प्रेरणा से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस सोसाइटी गोरखपुर के सभापति शिवेंद्र विक्रम सिंह के निर्देशन में हुआ।
आपको बता दें कि, कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के रक्तदान प्रभारी ज्ञानेंद्र ओझा ने दिव्यांग महिलाओं को माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया तथा उन्हें दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री प्रदान की। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रम स्थल पर विशेष रूप से पौधरोपण भी किया गया, जिसमें महिलाओं द्वारा वेगनवेलिया के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी के सभापति शिवेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वयं को सशक्त मानते हुए समाज के विकास में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर रक्तदान प्रभारी ज्ञानेंद्र ओझा ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं के सम्मान से ही संभव है। जब समाज महिलाओं को उचित सम्मान देता है, तभी वह वास्तविक रूप से सम्मानित होने का अधिकारी बनता है। उन्होंने दिव्यांग महिलाओं के साहस और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम में दिव्यांग महिला बिंदु शर्मा एवं पिंकू कुमारी सहित प्रतिमा देवी, पूजा देवी, पूर्णिमा देवी, कुसुम देवी, संगीता राय, लक्ष्मी प्रजापति तथा संगीता मौर्या को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य डॉ. अमरनाथ जायसवाल, विनय कुमार पाठक, पंकज पांडेय, आदित्य निगम, हृदय नारायण मिश्रा, कमलेश कुमार, नंदी कुमार, धर्मराज सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



0 Comments