रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज में सोमवार को गर्भाशय मुख (सर्विक्स) कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अभियान का शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत प्रथम दिन 9 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन का टीकाकरण किया गया।
आपको बता दें कि, कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए अधीक्षक डॉ. गणनायक ने बताया कि, यह वैक्सीन सर्विक्स कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने जानकारी दी कि, अब यह टीका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रत्येक कार्य दिवस में नियमित रूप से उपलब्ध रहेगा, जिससे अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें।
डॉ. गणनायक ने अभिभावकों एवं आमजन से अपील करते हुए कहा कि, वे इस टीकाकरण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और भ्रांतियों एवं अफवाहों से दूर रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि, एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है, जो बालिकाओं के भविष्य को गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सोमवार को आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम में वैभवी तिवारी, बंदिता तिवारी, रितिका, नीलम, अर्चना, रोशनी, ललित, कीर्ति और वर्षा को वैक्सीन की खुराक दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने उम्मीद जताई है कि, इस पहल से जिले में सर्विक्स कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।



0 Comments