रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मऊ सर्की में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं परीक्षा फल वितरण कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाचार्य दयाशंकर अवस्थी ने किया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राममिलन यादव एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया।
आपको बता दें कि, कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंगारंग कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
समारोह के दौरान कक्षा 5 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी राममिलन यादव ने कहा कि, प्राथमिक शिक्षा बच्चों के जीवन की नींव होती है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को आगे बढ़ने और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि, ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों को अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही विद्यालय के सभी कमरों में विद्युत स्वचालित पंखा लगवाने और छतों की मरम्मत करवाने का आश्वासन दिया।
प्रधानाचार्य दयाशंकर अवस्थी ने कहा कि, विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देना है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सहयोग देने की अपील की और सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान भोलई मौर्य, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष विनोद अवस्थी, संगीता तिवारी, नीतू वर्मा, दीपयंती सोनकर, गीता देवी पाण्डेय, सीमा सिंह, बैजनाथ साहू, रामचंद्र तिवारी, सहवान अली, रामशंकर, राम अवध, किरन, फूलमती, आशा, गीता, सुमारा, रामवती, सरिता, राजरानी, श्यामा, श्रीमती, राजकली, कांती, शिवानी, शुभम सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।







0 Comments