सार.......
⭕ ऊंचाहार में गांव-गांव पहुंचे अतुल सिंह, चौपाल लगाकर सुनी जनता की समस्याएं।
⭕ होली की शुभकामनाओं के साथ अतुल सिंह का जनसंपर्क, 2027 में बदलाव का किया दावा।
⭕ भिकनापुर और रसूलपुर में पेयजल संकट उठाया, सड़क निर्माण का दिया आश्वासन।
⭕ जनसंपर्क के दौरान अतुल सिंह ने साधा केंद्र व क्षेत्रीय विधायक पर निशाना।
विस्तार........
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली। कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं ऊंचाहार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने होली पर्व के अवसर पर क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने रोहनिया ब्लॉक के परसीपुर, मवई, धनेही, पूरे ननकू, सरेनी, भिकनापुर, अलीअसकरनपुर, इटैली, मतरमपुर, सराय अखतियार, सलेमपुर बहरवार और रसूलपुर सहित कई गांवों में नुक्कड़ सभा, चौपाल तथा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जननायक राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने की अपील की।
     आपको बता दें कि, इस अवसर पर अतुल सिंह ने कहा कि, होली का त्योहार बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर देश और समाज के विकास के लिए कार्य करना चाहिए, लेकिन आज देश की परिस्थितियां चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
     श्री सिंह ने कहा कि, आज भारत की संप्रभुता पर भी लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि अमेरिका जैसे देश यह तय करने की कोशिश कर रहे हैं कि भारत किस देश से कच्चा तेल खरीदे और किससे संबंध रखे या न रखे। उन्होंने कहा कि यह स्थिति देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे स्पष्ट होता है कि देश का नेतृत्व कमजोर हाथों में है।
      ऊंचाहार की जनता का आभार व्यक्त करते हुए अतुल सिंह ने कहा कि, यह क्षेत्र उनके लिए परिवार के समान है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हर गांव में लोगों का आशीर्वाद और समर्थन मिल रहा है, उससे यह साफ दिखाई देता है कि वर्ष 2027 में बदलाव तय है।
      जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी उनके सामने रखा। उन्होंने कहा कि, आवारा पशुओं की समस्या और बिजली के बढ़ते बिलों से आम जनता परेशान है, लेकिन इन समस्याओं की सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। भिकनापुर और रसूलपुर गांवों में शुद्ध पेयजल की गंभीर समस्या का मुद्दा भी ग्रामीणों ने उठाया। इस पर अतुल सिंह ने आश्वासन दिया कि वे सांसद राहुल गांधी से मिलकर इन गांवों में आरओ पानी की टंकी लगवाने का प्रयास करेंगे।
        मतरमपुर गांव के लोगों ने खराब सड़क की समस्या से अवगत कराया। इस पर श्री सिंह ने भरोसा दिलाया कि, वे संबंधित अधिकारियों से मिलकर जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि ऊंचाहार क्षेत्र में आज भी कई स्थानों पर सड़क, शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि, उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। 
      उन्होंने कहा कि, बाहर से आकर विधायक बनने के बावजूद क्षेत्र में विकास के नाम पर केवल औपचारिक शिलान्यास और उद्घाटन किए जा रहे हैं।
     अपने दौरे के दौरान अतुल सिंह सराय अखतियार में आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी में भी शामिल हुए और सभी को माह-ए-रमजान की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि, भारत की संस्कृति गंगा-जमुनी तहजीब की प्रतीक है, जहां सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर त्योहार मनाते हैं।
      इस मौके पर जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रतीपाल सरोज, फूलचंद मौर्या, रामकुमार मौर्य, मोहम्मद अफरोज, गौरव सिंह, भूपेंद्र सिंह, गुलशन मौर्य, रामबरन गिरी, विष्णु देव यादव, फूलचंद विश्वकर्मा, विनीत यादव, लालजी यादव, दशरथ पटेल, राम आसरे सरोज, डॉ. आनंद सरोज, अचल सिंह, रामानुज सिंह, रंजीत शिल्पकार, सत्यम यादव, रमाकांत मौर्य, अरशद खान, मोहित चौरसिया, सुंदरलाल मौर्य, राधेश्याम सरोज, मोहम्मद फारूक, मोहम्मद नियाज, हरकेश सैनी, रिंकू सैनी, पवन विश्वकर्मा, राम श्री निर्मल, डॉ. प्रकाश यादव सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।