गोरखपुर। बच्चों में अपार प्रतिभा छिपी होती है। यदि उन्हें सही दिशा-निर्देशन, प्रोत्साहन और माता-पिता का आशीर्वाद मिल जाए तो वे जीवन में ऊंचाइयों को छू सकते हैं। इसी विचार को साकार करते हुए विश्व महिला दिवस के अवसर पर सेंको ज्वेलर्स द्वारा गोरखपुर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं के साथ-साथ कुछ प्रतिभाशाली युवा बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
आपको बता दें कि, इस अवसर पर शहर के असुरन चौराहे के पास रहने वाली बाल कलाकार तन्वी चौधरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। तन्वी, माता रूबी चौधरी और पिता रवि चौधरी की इकलौती पुत्री हैं तथा सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा हैं। बचपन से ही उन्हें नृत्य, संगीत और कला के प्रति गहरी रुचि रही है।
उनकी इसी प्रतिभा को पहचानते हुए समाजसेवी सुनील मणि त्रिपाठी ने उन्हें प्रोत्साहित किया और चित्रकला के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन के कारण आज तन्वी एक कुशल चित्रकार के रूप में पहचान बना चुकी हैं और पिछले कुछ वर्षों में कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार भी प्राप्त कर चुकी हैं।
कार्यक्रम का आयोजन सेंको ज्वेलर्स के सभागार में किया गया, जहाँ साहित्यकार आशिया गोरखपुरी और युवा शायर मिन्नत के आमंत्रण पर यह सम्मान समारोह आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेविका सुधा मोदी रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता परमजीत कौर ने की। इसके अलावा पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ और पूजा गुप्ता ने भी मंच पर उपस्थित होकर प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
बाल कलाकार तन्वी चौधरी को अंगवस्त्र भेंट कर तथा गणेश-लक्ष्मी की चांदी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। मंच से वक्ताओं ने तन्वी की कला-प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान कई अन्य विशिष्ट महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें सुनीता सिंह, एकता उपाध्याय, पूजा गुप्ता, कल्पना श्रीवास्तव, मिस इंडिया रागिनी पाण्डेय, माधव प्रिया, प्रेमलता रसबिंदु, सोनिका खरवार, पल्लवी, रीति सिंह, ममता ओझा, स्वेच्छा श्रीवास्तव, अपूर्वा पांडे, शोभा, राजीव तिवारी, डॉ. शाजिया खान, शाहिना और शिप्रा मासी शामिल रहीं।
इस अवसर पर समाजसेवी सुनील कुमार त्रिपाठी, कुलदीप पाण्डेय, शैलजा पाण्डेय, पूजा पटेल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने बाल कलाकार तन्वी चौधरी को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगे भी उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण और बाल प्रतिभाओं के सम्मान के संदेश के साथ हुआ, जिसमें वक्ताओं ने कहा कि, समाज में ऐसी प्रतिभाओं को मंच और प्रोत्साहन मिलना अत्यंत आवश्यक है।








0 Comments