रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत शुक्रवार को महराजगंज क्षेत्र के कुबना गांव में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एंटी रोमियो टीम द्वारा बाइक और स्कूटी रैलियां निकालकर तथा चौपाल आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
आपको बता दें कि, कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। इनमें 1090 (महिला पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102 व 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल हैं। महिलाओं को विषम परिस्थितियों में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और महिलाओं को विशेष रूप से साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सतर्क करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल माध्यमों पर बढ़ते अपराधों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने पर जोर दिया।
इसके अलावा, महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इनमें रानी लक्ष्मीबाई योजना, बाल एवं महिला सम्मान कोष, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना प्रमुख रहीं। उपस्थित महिलाओं को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक राधेश्याम वर्मा, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, कांस्टेबल शिव प्रताप, महिला हेड कांस्टेबल गीता सिंह, महिला कांस्टेबल प्रीति सिंह, होमगार्ड राम प्रताप, होमगार्ड शिवकरण तथा ग्राम प्रधान पूनम सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की।

0 Comments