रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलीपुर स्थित पंचायत भवन में ग्राम प्रधान सूरज कुमार के नेतृत्व में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम सभा स्तर पर कराए गए विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा ग्रामीणों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान भी किया गया।
      आपको बता दें कि, ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, स्वच्छता, पेयजल, आवास तथा रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण का आश्वासन दिया। कई मामलों में तत्काल निर्णय लेकर कार्यवाही भी सुनिश्चित की गई।
      इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी सर्वोत्तम सिंह ने कहा कि, ग्राम चौपाल शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव में ही संभव हो जाता है। इससे लोगों को ब्लॉक या तहसील मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने बताया कि, भविष्य की विकास योजनाओं के लिए भी ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त किए जाते हैं, जिससे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को और गति मिलती है।
      कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सूरज कुमार, पंचायत सहायक सुशील कुमार, रोजगार सेवक शोभनाथ, कोटेदार पति सेतबहादुर सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्षा सिंह व प्रतीक्षा शुक्ला, समूह सखी उर्मिला सिंह, कृषि सखी स्वाति सिंह, स्वास्थ्य सखी प्रीति, आशा बहू किरण सिंह सहित सीमा, गुड़िया, रामवती, एकता, कुंवरपाल सिंह, मातादीन, राममनोहर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
       ग्राम चौपाल के आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला और स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान की दिशा में यह पहल कारगर साबित होती नजर आई।