रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।
     आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को गांव का ही निवासी सूरज, पुत्र श्रीराम, बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। घटना के बाद से ही परिजन काफी परेशान थे और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
      तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। इस बीच पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में जिले भर में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी।
      इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के पहरावा नैया नाला के पास से आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
      पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार की घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।