रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के इन्हौना मार्ग पर स्थित खेरवा गांव के सूबेदार मेजर रामफल सिंह स्मारक इंटर कॉलेज में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को भव्य रिपोर्ट कार्ड वितरण एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और उपलब्धि की खुशियों से सराबोर नजर आया।
आपको बता दें कि, समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात कक्षा वार विद्यार्थियों को उनके वार्षिक परीक्षा के रिपोर्ट कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य विद्यार्थियों में भी प्रेरणा का संचार हुआ।
विद्यालय की प्रबंधिका योगिता सिंह ने अपने संबोधन में छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को निरंतर प्रयासरत रहने, लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और जीवन में अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए उनके सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, असफलता से घबराने की बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सच्ची सफलता का मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने अपने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। विद्यालय प्रशासन ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
समारोह के अंत में पूरे परिसर में उत्साह और उपलब्धि का माहौल बना रहा, जहां छात्रों के चेहरे पर सफलता की चमक और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।





0 Comments