रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: अगर मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो कठिन से कठिन राह भी आसान हो जाती है। इसी कहावत को चरितार्थ करते हुए जनई गांव की बेटी शिवानी सिंह ने अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर चयनित होने के बाद जब शिवानी अपने पैतृक गांव पहुंचीं, तो उनके स्वागत में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
     आपको बता दें कि, शनिवार को लखनऊ-प्रयागराज मार्ग से अपने गांव लौटते समय बछरांवा के चुरुवा स्थित हनुमान मंदिर पर उनका पहला भव्य स्वागत पूर्व विधायक रामलाल अकेला और बछरावां चेयरमैन शिवेंद्र सिंह उर्फ रामजी के द्वारा किया गया। यहां क्षेत्र के कई और जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इसके बाद महराजगंज कस्बे में भी जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत हुआ।
       दोपहर करीब 12 बजे जनई गांव स्थित सीताराम मंदिर परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में शिवानी सिंह को आशीर्वाद देने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे। समारोह में लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं और बुके भेंट कर सम्मानित किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
      कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि, शिवानी सिंह की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और वह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि, मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, जिसका उदाहरण शिवानी ने प्रस्तुत किया है।
      इस अवसर पर शिवानी सिंह के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया। बेटी की इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल साफ झलक रहा था। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने शिवानी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
        समारोह में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अधिवक्ता और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस उपलब्धि को पूरे गांव का सम्मान बताया।