शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के महराजगंज कोतवाली अंतर्गत ठाकुरपुर मजरे कैड़ावा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई थी। यह घटना जल जीवन मिशन योजना के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी पर काम के दौरान हुई थी, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। मामले में पुलिस ने अज्ञात कर्मचारी के खिलाफ बाल श्रम प्रतिषेध एवं विनियमन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर कुनाल (15) की मां मीना देवी पत्नी राम नेवाज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि, उनकी जानकारी के बिना उनका नाबालिग बेटा टंकी पर काम करवा रहे एक कर्मचारी के कहने पर मजदूरी करने चला गया था। दिनभर काम करने के बाद शाम लगभग 5 से 6 बजे के बीच वह टंकी की सीढ़ियों से नीचे कुछ सामान लेने उतर रहा था। इसी दौरान वह बांस से टकराकर संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल कुनाल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां ने अपने बेटे की मौत के लिए टंकी पर मौजूद अज्ञात कर्मचारी को जिम्मेदार ठहराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
मामले में कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि, तहरीर के आधार पर अज्ञात कर्मचारी के खिलाफ बाल श्रम प्रतिषेध एवं विनियमन अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि, कुनाल के पिता का करीब 6-7 वर्ष पूर्व बीमारी के चलते निधन हो चुका है। मां मीना कुमारी अपने तीन बेटों—नीरज (22), नितिन (17) और कुनाल (15)—के साथ जीवन यापन कर रही थीं। बड़ा बेटा नीरज दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत है और परिवार की जिम्मेदारियां संभालता है, जबकि दूसरा बेटा नितिन मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जाता है। कुनाल अभी पढ़ाई कर रहा था, लेकिन इस हृदयविदारक घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
किशोर की असमय मृत्यु से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं।

0 Comments