रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र की कुबना ग्राम पंचायत डबल इंजन की सरकार में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से गांव में सड़क, नाली, खड़ंजा, इंटरलॉकिंग, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण जैसे कार्य तेजी से पूर्ण कराए जा रहे हैं। ग्राम प्रधान पूनम सिंह एवं उनके प्रतिनिधि राजेश सिंह द्वारा ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत विकास कार्यों को पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का वातावरण है।
आपको बता दें कि, इसी क्रम में ग्राम पंचायत की मुखिया पूनम सिंह और उनके प्रतिनिधि राजेश सिंह ने विकास की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। बीते रविवार को महराजगंज–हैदरगढ़ मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के समीप 8 लाख 46 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कार्य विधिवत रूप से प्रारंभ कराया गया। वर्तमान में भवन की छत डालने का कार्य संपन्न किया जा चुका है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि, वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्राम सभा को अधिकतम लाभान्वित कराने के लिए सतत प्रयासरत हैं। खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा स्वीकृत अन्नपूर्णा भवन की कुल लागत 8 लाख 46 हजार रुपये है।
उन्होंने बताया कि, ग्राम सभा में अन्नपूर्णा भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए इस भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए ग्राम पंचायत के प्रयासों की सराहना की है।
ग्राम पंचायत में निरंतर हो रहे विकास कार्यों से यह स्पष्ट है कि, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से गांव प्रगति की ओर अग्रसर है।

0 Comments