रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुबना इन दिनों विकास कार्यों को लेकर चर्चा में है। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के मामले में पंचायत लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। गांव में खड़ंजा निर्माण, इंटरलॉकिंग सड़क, पक्की नालियों का निर्माण, शौचालय निर्माण तथा विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों के कायाकल्प जैसे कार्यों के साथ-साथ नए भवनों के निर्माण से ग्राम पंचायत विकास की नई इबारत लिख रही है।
आपको बता दें कि, ग्राम प्रधान और उनके प्रतिनिधि द्वारा कराए जा रहे इन विकास कार्यों की ग्रामीणों द्वारा भी खुले दिल से सराहना की जा रही है। इसी क्रम में लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा उठाई जा रही आंगनबाड़ी भवन की मांग को भी अब पूरा कर दिया गया है।
प्रधान प्रतिनिधि राजेश सिंह के प्रयासों से ग्राम पंचायत के पूरे कुम्हारन गांव में एक भव्य आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इस केंद्र के बन जाने से गांव के बच्चों और महिलाओं को पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के तैयार होने पर ग्राम प्रधान और उनके पति तथा प्रतिनिधि राजेश सिंह ने इसका श्रेय उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह और खंड विकास अधिकारी वर्षा सिंह को दिया है।
राजेश सिंह ने बताया कि, उनकी ग्राम पंचायत के चौमुखी विकास में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से पंचायत में कई विकास कार्य संभव हो पाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि, खंड विकास अधिकारी वर्षा सिंह सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं।
ग्राम पंचायत में तेजी से हो रहे विकास कार्यों से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि, पंचायत में बुनियादी सुविधाओं के विकास से गांव की तस्वीर बदल रही है और आने वाले समय में इसका लाभ नई पीढ़ी को भी मिलेगा।


0 Comments