शिवाकांत अवस्थी
रायबरेली: जनपद की सुरक्षित बछरावां विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक श्याम सुन्दर भारती अपने शांत स्वभाव, निर्विवाद छवि और विकास कार्यों को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपना दल (एस) के प्रत्याशी लक्ष्मीकान्त रावत और कांग्रेस के प्रत्याशी सुशील पासी को पराजित कर जीत दर्ज की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि, उस समय जनता ने विकास और सादगी को प्राथमिकता देते हुए श्याम सुन्दर भारती को सर्वाधिक मत देकर अपना प्रतिनिधि चुना था।
(वीरांगना रानी अवंती बाई स्मृति द्वार)
      आपको बता दें कि, क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार विधायक का अब तक का कार्यकाल विकास कार्यों के लिहाज से बेहतर रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि, श्याम सुन्दर भारती का राजनीतिक जीवन अब तक विवादों से दूर रहा है और वे क्षेत्रीय विवादों, आपसी झगड़ों तथा छोटे-मोटे विवादों में हस्तक्षेप करने के बजाय जनहित के बड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं। यही वजह है कि, जब भी जनपद के विधायकों के कार्य और छवि पर चर्चा होती है तो श्याम सुन्दर भारती का नाम शालीनता और सादगी के साथ लिया जाता है।
            (कैड़ावा मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य शुरू)

      यदि बछरावां विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की बात की जाए, तो क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक सड़क, पुल और ड्रेनेज व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विधायक ने लगातार आवाज उठाई है। इसके साथ ही गांवों और कस्बों में हाईमास्ट लाइट तथा सोलर लाइट लगाने का काम भी तेजी से कराया गया है, जिससे रात के समय आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है।
     विधायक निधि से कराए गए कार्यों में खड़ंजा, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड निर्माण, विद्यालयों में भवन निर्माण तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।
(डीह डिवाई रजबहा का छतिग्रस्त पुल,, निर्माण कार्य जल्द होगा सुरु)

      बुधवार को एक बातचीत के दौरान विधायक श्याम सुन्दर भारती ने बताया कि, मऊ गांव के ग्रामीणों ने आराधना मेडिकल स्टोर के पास बाजार से कैड़ावा जाने वाले मार्ग पर कटरा से आगे मोहम्मद ऐस के दरवाजे के पास स्थित तालाब से हंसवा ड्रेन में मिलने वाले नाले की जर्जर पुलिया के निर्माण की मांग उठाई थी। इसके अलावा मऊ शर्की गांव के पास डीह-डिवाई रजबहा का पुल करीब दो वर्ष पहले पूरी तरह ध्वस्त हो चुका था।

(पंचमुखी हनुमान मंदिर पूरे अहलादी में विधायक निधि से लगवाई गई हाईमास्क लाइट)

      उन्होंने बताया कि, इन दोनों समस्याओं को स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कई बार उठाया गया और समाचार पत्रों में भी यह मामला प्रकाशित हुआ, लेकिन लंबे समय तक प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने शासन को पत्र लिखकर दोनों मामलों का संज्ञान दिलाया।
(जगह-जगह ग्राम पंचायत स्तर पर विधायक निधि से लगाई गई सोलर लाइटें)

      विधायक के अनुसार शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कैड़ावा मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। वहीं डीह-डिवाई रजबहा के पुल का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू होने की संभावना है।
     विधायक ने बताया कि, उनकी पहल पर क्षेत्र में कई स्मृति द्वार भी स्थापित किए गए हैं। नेर्थुवा बॉर्डर के पास वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के नाम से स्मृति द्वार बनाया गया है। इसके अलावा गूढ़ा में बछरावां–हैदरगढ़ मार्ग पर वीरांगना ऊधादेवी पासी, जलालपुर बछरावां में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तथा राजामऊ रोड पर विशुनपुर के पास डॉ. राममनोहर लोहिया के नाम से स्मृति द्वार स्थापित कराए गए हैं।
     श्याम सुन्दर भारती ने बताया कि, बछरावां विधानसभा क्षेत्र की लगभग सभी ग्राम पंचायतों में आवश्यकता के अनुसार मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइटें लगवाई गई हैं। इसके साथ ही प्रमुख बाजारों, चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा सरकारी संस्थानों के आसपास हाईमास्ट लाइटें स्थापित कराई गई हैं, जिससे क्षेत्र में रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सकी है।
उन्होंने कहा कि, उनका उद्देश्य क्षेत्र के समग्र विकास के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।