रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के इन्हौना रोड पर बीते 22 फरवरी की देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने अब कार्रवाई तेज कर दी है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर गुरुवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
      आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदापुर थाना क्षेत्र के महाबलगंज मजरे सिकंदरपुर गांव निवासी पवन कुमार एक पारिवारिक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायबरेली गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह देर रात अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के इन्हौना रोड पर पूरे औसेरी स्थित पराग डेयरी के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
      हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि जन्मेजय सिंह ने घायल पवन कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर भेज दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
       इस दर्दनाक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सविता ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी वाहन व चालक की तलाश में जुट गई है।
      पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।