रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली महराजगंज की थुलवासा चौकी क्षेत्र के थुलवासा गांव स्थित मुर्गी फार्म में 26 वर्षीय युवक के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि, युवक शराब पीने का आदी था, और घर के कामकाज को लेकर परिजनों से झगड़ा भी करता रहता था, घटना वाले दिन गुरुवार को भी मृतक युवक के नशे की हालत में उसके परिजनों से कुछ काम करने को लेकर कहासुनी हुई थी, इसी से क्षुब्द होकर उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पूरी घटना आज शुक्रवार की सुबह सामने आई, जब उसका शव मुर्गी फार्म में फंदे से लटका मिला। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आपको बता दें कि, पूरे रतन, ग्राम थुलवासा निवासी मृतक उमेश यादव (26) पुत्र छेदीलाल यादव का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित मुर्गी फार्म में फंदे से लटका हुआ पाया गया। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, उमेश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
पुलिस के मुताबिक मृतक उमेश शराब पीने का आदी था, गुरुवार को भी उसने शराब पी रखी थी, घर का कामकाज नहीं करता था, पूरा दिन घूमता रहता था। घटना वाले दिन भी घर के काम को लेकर परिजनों से कहा सुनी हुई थी। इसके बाद देर रात उसने गांव में ही स्थित मुर्गी फार्म में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर महराजगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि, युवक का शव मुर्गी फार्म में फंदे से लटका मिला है। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

0 Comments