रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: तहसील महराजगंज क्षेत्र के ग्राम सभा बिशुनपुर में ग्राम समाज तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गांव निवासी लोकतंत्र शुक्ला ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि, गांव के ही सरोज चौधरी द्वारा ग्राम सभा की सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर शौचालय का निर्माण करा लिया गया है।
आपको बता दें कि, शिकायतकर्ता ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि, जिस भूमि पर निर्माण कराया गया है वह ग्राम सभा के तालाब की भूमि है, जो राजस्व अभिलेखों में सार्वजनिक संपत्ति के रूप में दर्ज है। नियमों के अनुसार इस प्रकार की भूमि पर किसी भी व्यक्ति द्वारा निजी निर्माण कराना अवैध है। इसके बावजूद उक्त व्यक्ति द्वारा भूमि पर कब्जा कर स्थायी निर्माण करवा लिया गया है।
लोकतंत्र शुक्ला का यह भी कहना है कि, पिछले लगभग 20 वर्षों से उसी स्थान पर उनका घूरा (कूड़ा डालने का स्थान) रहा है, जिसका उपयोग वह और आसपास के लोग करते रहे हैं। आरोप है कि, अब उस स्थान को भी कब्जे में ले लिया गया है, जिससे गांव के लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि, यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो तालाब की भूमि पूरी तरह से अतिक्रमण की चपेट में आ सकती है।
इस संबंध में जिलाधिकारी रायबरेली हर्षिता माथुर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित राजस्व अधिकारियों को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि, यदि जांच में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि, ग्राम सभा की सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण से बचाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

0 Comments