रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: महराजगंज तहसील क्षेत्र के राजस्व गांव मऊ में रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे एक दर्दनाक आगजनी की घटना सामने आई, जिसमें किसानों की पकी खड़ी गेहूं की फसलें जलकर राख हो गई। घटना से क्षेत्र के किसानों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
       आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान हरिश्चंद्र यादव और तेज बहादुर यादव के खेतों के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज और एलटी विद्युत लाइनों के तारों में अचानक आपस में टकराव हो गया। इस टकराव से निकली चिंगारी सीधे नीचे खड़ी पकी गेहूं की फसल पर गिरी, जिससे देखते ही देखते आग फैल गई।
आग की लपटें उठती देख आसपास के किसान और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने एक ट्यूबवेल की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे अन्य खेतों को बचाया जा सका। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
      पीड़ित किसान हरिश्चंद्र यादव के अनुसार, उनकी लगभग आठ बिस्वा गेहूं की फसल शार्ट सर्किट से पूरी तरह जल गई, जबकि तेज बहादुर यादव की करीब पांच बिस्वा फसल भी आग की भेंट चढ़ गई। इस नुकसान से दोनों किसानों को आर्थिक रूप से भारी क्षति हुई है।
       घटना के बाद भी खबर लिखे जाने तक तहसील प्रशासन का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचा था, जिससे किसानों में नाराजगी देखी जा रही है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि, घटना की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि उनकी भरपाई हो सके।
      ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत कराने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।