शिवाकांत अवस्थी 
रायबरेली: महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कस्बा महराजगंज स्थित पूरे सुखई आज़ाद नगर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक के पास उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी मिली है और सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगने जैसा गहरा घाव पाया गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
      आपको बता दें कि, जानकारी के अनुसार, चंदापुर थाना क्षेत्र के टीसाखानापुर गांव निवासी शैलेन्द्र कुमार (28) पुत्र बृजपाल का कस्बा महराजगंज के पूरे सुखई इलाके में, पराग डेयरी के सामने एक मकान है। वह इस मकान में अकेले रहता था और लखनऊ में नौकरी करता था। बताया जाता है कि, उसका घर पर आना-जाना अक्सर देर रात में होता था।
      शुक्रवार की रात भी वह देर से घर लौटा था। शनिवार दोपहर तक जब उसके घर का दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के दुकानदारों को शक हुआ। उन्होंने इसकी सूचना शैलेन्द्र के परिजनों को दी। परिजन जब टीसाखानापुर गांव से महराजगंज स्थित घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
      मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। कमरे में शैलेन्द्र का शव खून से लथपथ पड़ा था। उसके सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगने जैसा गहरा घाव था और पास में ही उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी मिली।
       घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
       कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि, प्रथम दृष्टया मामला गोली लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। चूंकि मृतक के पास से उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद हुई है, इसलिए आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
      उन्होंने बताया कि, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
      फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जहां कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे सुनियोजित हत्या की आशंका से जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।